

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Congress's big political plan, strengthening the organization and preparing to corner the government on women's reservation.
रायपुर। कांग्रेस ने आगामी चुनावी रणनीति को लेकर अपनी सक्रियता तेज कर दी है। प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में हुई अहम बैठकों में संगठन को धार देने और महिला आरक्षण के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरने की ठोस योजना तैयार की गई। बैठकों में पार्टी के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी ने इसे और अहम बना दिया।
सचिन पायलट की मौजूदगी में हुई मैराथन बैठकें, हर स्तर पर मंथन
प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट की उपस्थिति में विधायकों, जिला अध्यक्षों और ब्लाक अध्यक्षों के साथ अलग अलग दौर की बैठकें हुईं। इन बैठकों में संगठनात्मक मजबूती, जमीनी मुद्दों और आने वाले समय की राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।विधायकों से उनके क्षेत्रों की स्थिति, स्थानीय समस्याओं और पार्टी की गतिविधियों को लेकर फीडबैक लिया गया। वहीं जिला और ब्लाक स्तर पर संगठन के ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
महिला आरक्षण बना बड़ा मुद्दा, भाजपा पर साधा निशाना
बैठक में महिला आरक्षण को लेकर केंद्र और राज्य सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए गए। सचिन पायलट ने साफ कहा कि महिला आरक्षण 2023 में पारित हो चुका है, लेकिन इसे लागू करने में देरी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक लाभ के अनुसार परिसीमन करना चाहती है और महिलाओं को उनका अधिकार देने से बच रही है।कांग्रेस ने तय किया कि महिला आरक्षण को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम और गलत जानकारी के खिलाफ राज्यभर में अभियान चलाया जाएगा।
वार्ड से लेकर प्रदेश स्तर तक अभियान, जनता तक पहुंचेगा मुद्दा
पार्टी ने रणनीति बनाई है कि वार्ड, ब्लाक, जिला और प्रदेश स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को महिला आरक्षण की सच्चाई बताई जाएगी। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी को जल्द विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।साथ ही पिछली भाजपा सरकार की कथित विफलताओं और अधूरे वादों को भी जन जन तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया।
वन टू वन चर्चा में खुलकर सामने आई अंदरूनी तस्वीर
सचिन पायलट ने विधायकों के साथ व्यक्तिगत स्तर पर चर्चा कर उनके क्षेत्रों की समस्याओं और संगठन की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान कुछ विधायकों ने अपने जिलाध्यक्षों के कामकाज को लेकर असंतोष भी जताया।सूत्रों के मुताबिक पार्टी ने अभी से चुनावी तैयारी के तहत नेताओं का रिपोर्ट कार्ड तैयार करना शुरू कर दिया है, ताकि समय रहते कमियों को सुधारा जा सके।
संगठन में पद बढ़ाने की मांग, नेतृत्व ने दिया भरोसा
जिला अध्यक्षों ने संगठन में संयुक्त महामंत्री और सचिव के पदों की संख्या बढ़ाने की मांग रखी। इसके अलावा बिना सूचना कार्यक्रम आयोजित होने की शिकायत भी सामने आई।इस पर पायलट ने आश्वासन दिया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से चर्चा कर पदों की संख्या बढ़ाने पर विचार किया जाएगा। साथ ही निर्देश दिए कि किसी भी बड़े कार्यक्रम से पहले जिला नेतृत्व को जानकारी देना अनिवार्य होगा।
नेता प्रतिपक्ष के दौरे पर भी उठे सवाल, अब होगा फील्ड एक्टिवेशन
बैठक में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के विधानसभा क्षेत्रों में दौरा नहीं करने की शिकायत भी सामने आई। इसके बाद पायलट ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अब नेता प्रतिपक्ष सक्रिय रूप से क्षेत्रों का दौरा करेंगे और संगठन को जमीन पर मजबूती देंगे।उन्होंने यह भी कहा कि ब्लाक अध्यक्षों को साथ लेकर क्षेत्रीय दौरे किए जाएं ताकि जमीनी स्तर पर तालमेल बेहतर हो सके।
बड़े नेताओं की मौजूदगी ने दिया मजबूत संदेश
इस अहम बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक का स्पष्ट संदेश है कि कांग्रेस अब संगठन और मुद्दों दोनों स्तर पर आक्रामक रणनीति अपनाने जा रही है, जिससे आने वाले चुनावों में मजबूत स्थिति बनाई जा सके।