

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Crime: IIT Bhilai assistant professor cyber-cheated of Rs 1.78 lakh, police investigating
भिलाई। साइबर ठगों ने आईआईटी भिलाई के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अविजित साहा (37) को अपना शिकार बना लिया। कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर कॉल करने वाले ठग ने फर्जी लिंक के जरिए उनके क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल की और खाते से 1 लाख 78 हजार 910 रुपये निकाल लिए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डॉ. साहा ने पुलिस को बताया कि दिसंबर 2025 में उनके क्रेडिट कार्ड से लेनदेन में समस्या आ रही थी। वे बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क करने की सोच ही रहे थे कि 31 दिसंबर 2025 को उन्हें एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक का कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताते हुए समस्या के बारे में जानकारी मांगी।
प्रोफेसर ने भरोसा कर अपनी समस्या साझा की, जिसके बाद ठग ने उन्हें एक लिंक भेजा। लिंक बैंक की आधिकारिक वेबसाइट जैसा दिखाई दे रहा था, जिसमें बैंक का नाम और डिजाइन भी वास्तविक वेबसाइट की तरह ही था।
ठग ने कहा कि, लिंक पर लॉग इन कर क्रेडिट कार्ड की डिटेल भर दें, जिससे समस्या का समाधान हो जाएगा। जैसे ही डॉ. साहा ने जानकारी दर्ज की, उनके मोबाइल पर ट्रांजैक्शन का मैसेज आया। उनके खाते से 1,78,910 रुपये कट चुके थे।
घटना के बाद डॉ. साहा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या लिंक पर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करें और संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत संबंधित बैंक और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।