

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Dry weather prevails in Chhattisgarh, with minimum temperatures dropping; Ambikapur the coldest
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है और फरवरी का पहला पखवाड़ा भी इसी तरह गुजरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं, हालांकि बुधवार से न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। इस अवधि में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जिससे उत्तरी इलाकों में ठंड का असर बना हुआ है।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पंजाब और उससे लगे उत्तर पाकिस्तान के ऊपर लगभग 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। इसके साथ ही एक प्रेरित चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इन प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है, लेकिन मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह हल्की धुंध छाए रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान शहर का अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने नागरिकों को सुबह और देर रात ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।