

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpg&w=3840&q=75)
Chhattisgarh: Ebola alert issued in Chhattisgarh, strict screening of passengers at Raipur airport
रायपुर। दुनियाभर में तेजी से फैल रहे इबोला संक्रमण को देखते हुए छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ ने संक्रमण की रोकथाम और संभावित मामलों से निपटने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
एयरपोर्ट पर होगी कड़ी निगरानी
स्वास्थ्य विभाग ने एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य जांच को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं के अंतर्गत एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (आईडीएसपी) की ओर से जारी पत्र में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, रायपुर को एयरपोर्ट परिसर में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने को कहा गया है।
निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि यात्रियों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग व्यवस्था का समन्वय प्रभावी ढंग से किया जाए और किसी भी संदिग्ध मरीज की पहचान होने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी जाए।
आइसोलेशन और इमरजेंसी व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित संस्थानों को आइसोलेशन, रेफरल और आपातकालीन प्रबंधन व्यवस्था पूरी तरह तैयार रखने को कहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी संभावित स्थिति से तुरंत और प्रभावी तरीके से निपटने के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध रहें।
कांगो और युगांडा में बढ़े मामले, दुनिया में चिंता
दरअसल, कांगो और युगांडा में इबोला संक्रमण के बढ़ते मामलों के बाद दुनियाभर में चिंता बढ़ गई है। इसके चलते कई देशों ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) पहले ही इबोला को अंतरराष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित कर चुका है।
भारत में भी बढ़ाई जा रही सतर्कता
वैश्विक खतरे को देखते हुए भारत में भी स्वास्थ्य एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जारी ताजा निर्देश इसी व्यापक एहतियात का हिस्सा माने जा रहे हैं, ताकि संक्रमण की किसी भी आशंका को शुरुआती स्तर पर ही नियंत्रित किया जा सके।