

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpg&w=3840&q=75)
Political turmoil erupts within Chhattisgarh BJP! Renuka Singh's alleged audio goes viral, sparking controversy with her statement about
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में इन दिनों एक कथित वायरल ऑडियो ने हलचल तेज कर दी है। साय मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल की चर्चाओं के बीच भरतपुर-सोनहत से भाजपा विधायक और पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस ऑडियो में वह अपनी ही सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाती और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तारीफ करती सुनाई दे रही हैं।हालांकि, रेणुका सिंह ने इस पूरे ऑडियो को फर्जी बताते हुए दावा किया है कि यह एआई तकनीक से तैयार किया गया है और उनकी छवि खराब करने की साजिश रची गई है।
वायरल ऑडियो में क्या कहा गया?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित ऑडियो में दावा किया जा रहा है कि रेणुका सिंह अपनी ही सरकार को लेकर नाराजगी जाहिर कर रही हैं। ऑडियो में कथित तौर पर कहा गया है कि प्रदेश की सरकार ऊपर से संचालित हो रही है और शीर्ष नेतृत्व मौजूदा हालात से पूरी तरह संतुष्ट नहीं है।सबसे ज्यादा चर्चा उस कथित बयान की हो रही है, जिसमें यह दावा किया गया कि छत्तीसगढ़ में फिर से भूपेश बघेल की वापसी हो सकती है और वे दोबारा मुख्यमंत्री बन सकते हैं। ऑडियो में आगे यह भी कहा गया कि सत्ता बदलने पर कुछ नेताओं को जेल भेजा जाएगा।हालांकि, इस ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है।
रेणुका सिंह बोलीं- मेरी छवि खराब करने की साजिश
विवाद बढ़ने के बाद विधायक रेणुका सिंह ने सामने आकर पूरे मामले पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह एआई जनरेटेड और फर्जी ऑडियो है।उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधियों ने उनकी छवि खराब करने और जनता के बीच भ्रम फैलाने के उद्देश्य से यह साजिश रची है। रेणुका सिंह ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
फोरेंसिक जांच की मांग, पुलिस तक पहुंचा मामला
कथित वायरल ऑडियो को लेकर पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। शिकायत में ऑडियो की फोरेंसिक जांच कराने की मांग की गई है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि ऑडियो असली है या एआई तकनीक के जरिए तैयार किया गया है।इसके साथ ही सोशल मीडिया पर इसे वायरल करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मांग उठी है।
बीजेपी के भीतर पहले से चल रही थी नाराजगी की चर्चा
इस विवाद ने इसलिए भी ज्यादा तूल पकड़ लिया है क्योंकि कुछ दिन पहले ही मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के भाजपा जिला महामंत्री ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर रेणुका सिंह की शिकायत की थी।शिकायत में आरोप लगाया गया था कि विधायक अपने क्षेत्र से लगातार गायब रहती हैं और कार्यकर्ताओं व जनता के बीच सक्रिय नहीं हैं। राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा है कि इसी अंदरूनी खींचतान के बीच यह ऑडियो सामने आया है।
24 घंटे में दूसरा कथित ऑडियो भी वायरल
सियासी विवाद यहीं नहीं थमा। पहले ऑडियो के बाद अब एक और कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह ऑडियो भाजयुमो के जिला महामंत्री और विधायक के करीबी रहे पूर्व विधायक प्रतिनिधि मनोज साहू की ओर से वायरल किया गया।इस कथित ऑडियो में विधायक किसी युवा नेता पर नाराजगी जाहिर करती सुनाई दे रही हैं। ऑडियो में चुनावी खर्च और राजनीतिक ताकत दिखाने जैसी बातें भी कथित तौर पर सुनाई दे रही हैं।हालांकि, दूसरे ऑडियो की भी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
छत्तीसगढ़ की राजनीति में बढ़ी हलचल
लगातार सामने आ रहे कथित ऑडियो और बीजेपी के अंदरूनी विवाद की चर्चाओं ने प्रदेश की राजनीति को गर्मा दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि फोरेंसिक जांच में क्या सामने आता है और पार्टी नेतृत्व इस पूरे मामले पर आगे क्या रुख अपनाता है।