

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Youth Congress election campaign begins; nominations begin May 29; new team formation process accelerates
रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस में नई टीम के गठन को लेकर चुनाव प्रक्रिया का ऐलान कर दिया गया है। प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर पर संगठनात्मक चुनावों की शुरुआत 29 मई से होगी। इसके साथ ही डिजिटल सदस्यता अभियान और चुनाव प्रक्रिया एक साथ ऑनलाइन मोड में आगे बढ़ेगी।
29 मई से नामांकन, 13 जून तक चलेगी प्रक्रिया
ब्लॉक, विधानसभा और जिला स्तर के पदों के लिए नामांकन 29 मई से 13 जून तक भरे जाएंगे। वहीं प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों के लिए नामांकन की प्रक्रिया 11 जून से 13 जून तक तय की गई है।
इसके बाद 15 जून से 18 जून तक नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया है।
डिजिटल सदस्यता अभियान और ऑनलाइन चुनाव व्यवस्था
24 मई से पूरे राज्य में डिजिटल सदस्यता अभियान शुरू किया जा चुका है। सदस्यता शुल्क 75 रुपये निर्धारित किया गया है। युवा कांग्रेस चुनाव में शामिल होने के लिए 18 से 35 वर्ष की आयु सीमा तय की गई है।
आवेदन करने वाले युवाओं को वोटर आईडी, फोटो, आयु प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। इसके साथ ही 8 सेकेंड का वीडियो भी अनिवार्य रूप से जमा करना होगा, जिसमें उम्मीदवार अपनी पहचान और उद्देश्य बताएगा।
एक व्यक्ति एक पद का नियम लागू
चुनाव प्रक्रिया में संगठन ने साफ कर दिया है कि एक व्यक्ति केवल एक ही पद के लिए नामांकन कर सकता है। नामांकन दाखिल करते ही संबंधित पदाधिकारी अपने पुराने पद से स्वतः मुक्त माने जाएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष और महासचिव पदों पर अंतिम चयन राष्ट्रीय नेतृत्व की मंजूरी के बाद होगा। इसके लिए उम्मीदवारों का दिल्ली में साक्षात्कार भी लिया जाएगा।
पांच जोन में बंटी चुनाव प्रक्रिया, हाई परफॉर्मर पर फोकस
चुनाव को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्रदेश को पांच जोन में बांटा गया है। जिला अध्यक्ष पद के लिए केवल उन्हीं नेताओं को अवसर मिलेगा जिन्हें ‘हाई परफॉर्मर’ के रूप में चुना जाएगा।
संगठन में नई ऊर्जा लाने की कोशिश
युवा कांग्रेस का यह चुनाव संगठन में नई ऊर्जा और नेतृत्व तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। डिजिटल प्रक्रिया के जरिए पारदर्शिता और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर खास जोर दिया गया है।