

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Innovation Mahakumbh 1.0, a big step towards making Bastar an innovation hub - Chief Minister Sai
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जगदलपुर स्थित शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित “इनोवेशन महाकुंभ 1.0” के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बस्तर में प्रतिभा और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल सही मंच, मार्गदर्शन और अवसर की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवाओं को नवाचार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
बस्तर विकास के लिए तैयार किया गया विशेष रोडमैप
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के समग्र विकास के लिए सरकार ने विशेष रोडमैप तैयार किया है, जिसमें रोजगार, शिक्षा, स्टार्टअप और अधोसंरचना पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि “नियद नेल्ला नार योजना” का विस्तार करते हुए इसे “नियद नेल्ला नार 2.0” के रूप में प्रदेश के 10 जिलों में लागू किया जाएगा।

स्टार्टअप को मिलेगा हर स्तर पर सहयोग
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ को इनोवेशन हब बनाने के उद्देश्य से “नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025-30” लागू की गई है। इस नीति के तहत युवाओं को आइडिया से लेकर व्यवसाय विस्तार तक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। आर्थिक सहयोग सहित विभिन्न सुविधाओं के माध्यम से स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है।
विकसित भारत 2047 में युवाओं की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का रास्ता विकसित बस्तर से होकर गुजरता है। बस्तर में आदिवासी कला, लघु वनोपज, जैविक कृषि, पर्यटन और हस्तशिल्प के क्षेत्र में अपार संभावनाएं मौजूद हैं, जिन्हें तकनीक, ब्रांडिंग और ई-कॉमर्स से जोड़कर नई पहचान दी जा सकती है।
पर्यटन से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से होमस्टे, स्थानीय गाइड, हस्तशिल्प और वनोपज की मांग बढ़ेगी। इससे गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

नवाचार करने वाले प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में बेस्ट आइडिया और बेस्ट स्टार्टअप श्रेणी के विजेता प्रतिभागियों को प्रोत्साहन राशि, प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने भी किया युवाओं का उत्साहवर्धन
वन मंत्री केदार कश्यप ने युवाओं से उद्यमिता और स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। वहीं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि यह आयोजन युवाओं को अपने नवाचार को आगे बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान कर रहा है। सांसद बस्तर महेश कश्यप और विधायक जगदलपुर किरण देव ने भी युवाओं से नवाचार और स्वरोजगार के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
विश्वविद्यालय ने साझा किए नवाचार के प्रयास
कार्यक्रम के प्रारंभ में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मनोज श्रीवास्तव ने आयोजन के उद्देश्य, विश्वविद्यालय की स्थापना तथा विभिन्न शैक्षणिक और नवाचार गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर विधायक चित्रकोट विनायक गोयल, छत्तीसगढ़ ब्रेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर संजय पांडेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।