

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Jaundice outbreak in Bhilai Sector-7, more than 35 children sick, dirty water supply the reason
भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई सेक्टर-7 में पीलिया फैलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, पिछले दो दिनों से पाइपलाइन के जरिए गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। इसी दूषित पानी के सेवन से क्षेत्र के 35 से अधिक बच्चे बीमार हो गए हैं। क्वाटरों में गंदा पानी आने की शिकायत के बाद लोगों में दहशत का माहौल है।
बीएसपी टाउनशिप की जल आपूर्ति पर उठे सवाल
भिलाई के सेक्टर इलाकों में जल आपूर्ति का जिम्मा भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के टाउनशिप विभाग के पास है। ऐसे में लगातार गंदा पानी सप्लाई होने से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोग साफ पानी की मांग कर रहे हैं और जल्द समाधान की उम्मीद जता रहे हैं।
प्रशासन और बीएसपी अधिकारी संपर्क में
मामले की गंभीरता को देखते हुए भिलाई नगर निगम के स्वास्थ्य प्रभारी सहित अन्य अधिकारी बीएसपी टाउनशिप के अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं। स्थिति पर नजर रखी जा रही है और समस्या के समाधान के प्रयास जारी हैं।
20 बच्चों की हालत नियंत्रण में, घर पर चल रहा इलाज
बीमार हुए बच्चों में से करीब 20 की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है। इनका इलाज घर पर ही किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए
बीएसपी टाउनशिप के अधिकारियों ने पेयजल के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि पानी में किस प्रकार की गड़बड़ी है।
जनप्रतिनिधि ने की त्वरित कार्रवाई की मांग
वार्ड के पार्षद और निगम के स्वास्थ्य प्रभारी लक्ष्मीपति राजू ने बताया कि मामले की सूचना बीएसपी के पेयजल आपूर्ति विभाग और स्वास्थ्य विभाग को दे दी गई है। साथ ही सेल प्रबंधन को भी अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि बीएसपी को जल्द से जल्द समस्या का समाधान करना चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।