

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

New beginning of AI-based education in Chhattisgarh, 2 lakh teachers will get training, Google India representatives meet CM Sai
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षा को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से राजधानी स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में गूगल इंडिया के प्रतिनिधियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान गूगल फॉर एजुकेशन इंडिया के प्रमुख संजय जैन और पब्लिक पॉलिसी प्रमुख राजेश रंजन मौजूद रहे।
रायपुर से शुरू होगा ‘AI सक्षम शिक्षा अभियान’
बैठक में जानकारी दी गई कि रायपुर जिला प्रशासन और गूगल के बीच हुए लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) के तहत “AI सक्षम शिक्षा अभियान” की शुरुआत रायपुर से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य स्कूल शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित नवाचारों को बढ़ावा देना है।
2 लाख से अधिक शिक्षकों को मिलेगा AI प्रशिक्षण
इस पहल के तहत “सक्षम शिक्षक अभियान” चलाया जाएगा, जिसमें राज्य के 2 लाख से अधिक शिक्षकों को AI आधारित शिक्षण पद्धतियों और डिजिटल टूल्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा। गूगल फॉर एजुकेशन अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म को निःशुल्क उपलब्ध कराएगा, जिससे शिक्षक तकनीकी रूप से सशक्त बन सकेंगे।
प्रारंभिक चरण में 200 शिक्षकों के लिए विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें AI टूल्स के व्यावहारिक उपयोग और कक्षा शिक्षण में उनके प्रभावी इस्तेमाल पर फोकस रहेगा।
शिक्षा में गुणवत्ता और नवाचार पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तकनीक-सक्षम बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को शिक्षा से जोड़ना विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में अहम कदम है।
ज्ञान आधारित और तकनीक-सशक्त राज्य बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि “AI सक्षम शिक्षा अभियान” शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों के लिए परिवर्तनकारी साबित होगा। इससे शिक्षण पद्धति में सुधार होगा और विद्यार्थियों में नए युग के कौशल विकसित होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को एक ज्ञान-आधारित और तकनीकी रूप से सशक्त राज्य के रूप में स्थापित करना है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश बंसल, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।