

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh LPG cylinder price hike
रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगा है। घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमत में 29 रुपए तक की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें रविवार से लागू हो गई हैं। राजधानी रायपुर में 14.2 किलोग्राम का घरेलू गैस सिलेंडर, जो पहले 984 रुपए में मिल रहा था, अब 1013 रुपए में उपलब्ध होगा।
यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बार है जब घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 7 मार्च को सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। इस तरह मार्च से अब तक घरेलू गैस सिलेंडर कुल 89 रुपए महंगा हो चुका है।
कमर्शियल सिलेंडर भी हुआ महंगा
घरेलू गैस के साथ-साथ कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी हाल ही में वृद्धि की गई है। करीब एक सप्ताह पहले 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में लगभग 53 रुपए का इजाफा किया गया था। इससे होटल, रेस्तरां और छोटे व्यवसायों की लागत भी बढ़ने की संभावना है।
तेल कंपनियों ने बताई वजह
सरकारी तेल कंपनियों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा लागत बढ़ने और घरेलू बिक्री पर हो रहे नुकसान के चलते एलपीजी कीमतों में संशोधन किया गया है। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सरकारी तेल कंपनियों को प्रत्येक घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर करीब 703 रुपए का नुकसान हो रहा था। हालिया मूल्य वृद्धि के बाद भी इस नुकसान की केवल आंशिक भरपाई हो सकेगी।
पहले भी बढ़े थे दाम
सरकार ने 8 अप्रैल 2025 को घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 50 रुपए की बढ़ोतरी की थी। वहीं 1 मार्च 2026 को कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 31 रुपए तक का इजाफा किया गया था। इसके अलावा 5 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत भी 11 रुपए बढ़कर 821.50 रुपए हो गई थी।
लगातार बढ़ती गैस कीमतों का सीधा असर आम उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। खासकर मध्यमवर्गीय और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए रसोई का खर्च और अधिक बढ़ने की आशंका है।