

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

kawardha bus accident nafees travels bus overturns on nh30 steering failure
कवर्धा। कबीरधाम जिले के दशरंगपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। रायपुर से लखनऊ जा रही नफीस ट्रेवल्स की यात्री बस रायपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना दशरंगपुर चौकी क्षेत्र के पनेका गांव के पास हुई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। स्थानीय लोगों की तत्परता से राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया।
सूचना मिलने पर दशरंगपुर पुलिस की टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजकर उपचार की व्यवस्था कराई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे में कई यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री की जान नहीं गई।
बस चालक ने पुलिस को बताया कि वाहन सामान्य गति से चल रहा था। इसी दौरान अचानक बस का स्टेयरिंग फेल हो गया। चालक ने बस को नियंत्रित करने और गति कम करने की कोशिश की, लेकिन स्टेयरिंग काम नहीं करने के कारण वाहन सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गया।
दशरंगपुर चौकी प्रभारी त्रिलोक प्रधान ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया जा रहा है। वहीं यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए ट्रेवल्स कंपनी को वैकल्पिक बस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।