

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Major action in Mungeli under 'Operation Baaz', 5 arrested with 53 grams of brown sugar; BJP councilor also included
मुंगेली। भारत सरकार के “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” अभियान के तहत मुंगेली पुलिस ने सूखे नशे के कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नगर पंचायत जरहागांव का एक भाजपा पार्षद भी शामिल है, जिसकी पहचान लोकेश उर्फ लक्की कश्यप (35) के रूप में हुई है।
शमशान घाट के पास घेराबंदी कर रेड
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Bhojram Patel के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत थाना जरहागांव क्षेत्र में कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में 1 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जरहागांव में कुछ युवक शमशान घाट के पास अवैध ब्राउन शुगर की बिक्री के लिए जुटे हैं। सूचना पर साइबर सेल और थाना जरहागांव की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर छापा मारा और पांचों संदिग्धों को मौके से पकड़ा।
53.51 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त
पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.65 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 6 मोबाइल फोन (लगभग 50 हजार रुपये), एक होंडा साइन मोटरसाइकिल (CG 28 P 1199, कीमत लगभग 65 हजार रुपये) और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन (लगभग 1 हजार रुपये) जब्त की गई। कुल जब्त सामग्री की कीमत करीब 3.81 लाख रुपये बताई गई है।
प्रयागराज से लाते थे ब्राउन शुगर
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी समीर कश्यप (24) ने पूछताछ में बताया कि वह उत्तरप्रदेश के नैनी, प्रयागराज से नकद और ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से ब्राउन शुगर खरीदकर लाता था और अपने साथियों के साथ मिलकर स्थानीय स्तर पर इसकी बिक्री करता था। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
थाना जरहागांव में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 32/2026 के तहत धारा 21(ख) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
समीर कश्यप (24 वर्ष)
सियाराम कश्यप (25 वर्ष)
विरेन्द्र श्रीवास (34 वर्ष)
लोकेश उर्फ लक्की कश्यप (35 वर्ष), पार्षद
रविशंकर कश्यप उर्फ बब्बा (27 वर्ष)
एसएसपी भोजराम पटेल ने जिलेवासियों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।