

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpg&w=3840&q=75)
Chhattisgarh: Major revelation in IPL betting connection, MCX king Mannu Nathani is said to be the mastermind of 'Abhinandan App'
रायपुर। आईपीएल क्रिकेट सट्टेबाजी मामले में छत्तीसगढ़ से एक बड़ा नाम सामने आने के बाद कारोबारी जगत और पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। रायपुर के कारोबारी और कथित ‘एमसीएक्स किंग’ मन्नू नत्थानी पर अब ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े होने के गंभीर आरोप लगे हैं। रायगढ़ पुलिस का दावा है कि गोवा से संचालित ‘अभिनंदन’ नामक सट्टेबाजी एप का असली प्रमोटर मन्नू नत्थानी ही है।जांच एजेंसियों के मुताबिक एप को तैयार कराने से लेकर पूरे नेटवर्क को खड़ा करने तक में उसकी अहम भूमिका रही। हालांकि पुलिस से बचने के लिए वह खुद सामने नहीं आता था और पर्दे के पीछे से पूरा संचालन किया जाता था।
गोवा में पकड़े गए युवकों से खुला बड़ा राज
पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब गोवा में पकड़े गए रायपुर के चार युवकों से पूछताछ की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान इन युवकों ने मन्नू नत्थानी का नाम सामने रखा और नेटवर्क से उसके कथित संबंधों की जानकारी दी।इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है और अब मन्नू नत्थानी की तलाश तेज कर दी गई है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से सीधे तौर पर सामने आए बिना अपने रिश्तेदारों और करीबियों के जरिए पूरे सिस्टम को ऑपरेट करवा रहा था।
रिश्तेदारों के जरिए चलता था पूरा नेटवर्क!
जांच में यह बात भी सामने आई है कि सट्टेबाजी एप का तकनीकी और वित्तीय संचालन कथित तौर पर उसके रिश्तेदारों के माध्यम से किया जा रहा था। पुलिस को शक है कि नेटवर्क को इस तरह तैयार किया गया था ताकि किसी भी कार्रवाई की स्थिति में असली संचालक तक पहुंचना मुश्किल हो।फिलहाल पुलिस डिजिटल रिकॉर्ड, बैंक ट्रांजैक्शन और मोबाइल डेटा खंगाल रही है। कई संदिग्ध खातों और लेनदेन की भी जांच शुरू कर दी गई है।
रायपुर के बड़े कारोबारी और नेताओं के नाम भी जांच के घेरे में
सूत्रों के मुताबिक जांच के दौरान रायपुर के कुछ बड़े व्यापारियों और नेताओं के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस को आशंका है कि इनके संरक्षण में सट्टेबाजी नेटवर्क को बढ़ावा दिया जा रहा था।हालांकि अभी तक किसी नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन जांच एजेंसियां लगातार नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी हुई हैं।
छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही कार्रवाई से बढ़ी बेचैनी
आईपीएल सीजन शुरू होने के बाद से रायपुर, दुर्ग, रायगढ़ समेत कई जिलों में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ लगातार छापेमारी और गिरफ्तारी की कार्रवाई चल रही है। पुलिस का कहना है कि सट्टेबाजी के डिजिटल नेटवर्क को तोड़ने के लिए तकनीकी जांच और साइबर मॉनिटरिंग बढ़ाई गई है।अब इस पूरे मामले में मन्नू नत्थानी का नाम सामने आने के बाद जांच और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।