

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Heat will increase again in Chhattisgarh, mercury may rise by 5 degrees in four days.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है। पिछले कुछ दिनों से बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली थी, लेकिन अब मौसम को प्रभावित करने वाला सिस्टम कमजोर पड़ गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान बढ़ने की संभावना जताई है। आने वाले चार दिनों में तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।
हालांकि, प्रदेश के एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन, तेज हवा, वज्रपात और हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रहने के आसार बने हुए हैं। सोमवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड और अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई के आसपास केरल पहुंचने की संभावना है। हालांकि इसमें चार दिन तक की मॉडल त्रुटि संभव है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश और उससे लगे बिहार क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। वहीं दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में भी ऊपरी हवा का चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है, जिसका असर मौसम पर पड़ रहा है।
राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी और उमस दोनों बढ़ सकती हैं।