

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Major traffic trial today before Kumhari-Kharun bridge is closed
रायपुर। कुम्हारी स्थित खारुन नदी पुल को मरम्मत कार्य के चलते 1 से 30 अप्रैल तक बंद किया जा रहा है। इससे पहले यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 30 मार्च को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तीन घंटे का रियल टाइम ट्रैफिक रिहर्सल किया जाएगा।
डायवर्जन प्लान की हुई व्यापक समीक्षा
रविवार को भिलाई पुलिस कंट्रोल रूम में हुई बैठक में सभी प्रस्तावित डायवर्जन मार्गों का गहन परीक्षण किया गया। बैठक में ट्रैफिक दबाव, संभावित जाम वाले स्थान और वैकल्पिक रास्तों की उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी जरूरी निर्देश जारी करते हुए अंतिम ट्रैफिक प्लान तैयार किया।
यह बैठक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित हुई, जिसमें पुलिस, प्रशासन, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, बीएसपी और निर्माण एजेंसी के अधिकारी शामिल रहे।
हल्के वाहनों के लिए तय किए गए नए रास्ते
दुर्ग से रायपुर एयरपोर्ट, नया रायपुर, मंत्रालय या अभनपुर जाने वाले वाहन उतई-सेलूद, पाटन होते हुए जाएंगे, सुपेला, भिलाई और रिसाली से रायपुर आने वाले वाहन ढौर, मोतीपुर और अमलेश्वर मार्ग अपनाएंगे, खुर्सीपार, चरोदा और भिलाई-3 से आने वाले वाहन सिरसा गेट और अमलेश्वर होते हुए रायपुर पहुंचेंगे, रायपुर से दुर्ग जाने वाले हल्के वाहन चंदनीडीह से पुराना रपटा पुल होते हुए कुम्हारी टोल तक पहुंच सकेंगे, इसके अलावा महादेव घाट स्थित पुराने पुल से भी सीमित आवाजाही संभव रहेगी।
भारी वाहनों के लिए सख्त नियम लागू
दुर्ग से रायपुर आने वाले भारी वाहन कुम्हारी टोल के बाद सिंगल लाइन में चलेंगे
राजनांदगांव से आने वाले वाहनों को बाफना टोल प्लाजा के पास सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक रोका जाएगा
भिलाई औद्योगिक क्षेत्र से निकलने वाले भारी वाहनों का सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक प्रवेश बंद रहेगा
महासमुंद और बिलासपुर की ओर से आने वाले वाहनों को तय समय में मंदिर हसौद और रिंग रोड-4 पर रोका जाएगा
प्रशासन ने की सहयोग की अपील
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन रूट का पालन करें और रिहर्सल के दौरान सहयोग दें, ताकि एक अप्रैल से शुरू होने वाली नई व्यवस्था बिना किसी बाधा के लागू हो सके।