

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh's strong performance in Khelo India Tribal Games
रायपुर। रायपुर में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के पांचवें दिन छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर में चल रही प्रतियोगिता में वेटलिफ्टिंग इवेंट प्रदेश के लिए उपलब्धियों से भरा रहा।
महिला वर्ग में रिशिका कश्यप का शानदार प्रदर्शन
दंतेवाड़ा जिले के बचेली क्षेत्र की प्रतिभाशाली खिलाड़ी रिशिका कश्यप ने 86 किलोग्राम भार वर्ग में बेहतरीन खेल दिखाया। उन्होंने कुल 121 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। रिशिका ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच के मार्गदर्शन और लगातार की गई मेहनत को दिया। इस वर्ग में स्वर्ण पदक महाराष्ट्र की साक्षी बुरकुले को मिला, जबकि असम की खिलाड़ी ने तीसरा स्थान हासिल किया।
पुरुष वर्ग में लक्की बाबू ने दिलाया कांस्य
रायपुर के गुढियारी निवासी लक्की बाबू मरकाम ने 110 किलोग्राम भार वर्ग में जोरदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। उन्होंने कुल 261 किलोग्राम वजन उठाकर यह उपलब्धि अपने नाम की। घरेलू मैदान पर मिली इस सफलता से दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस श्रेणी में स्वर्ण पदक अरुणाचल प्रदेश के खिलाड़ी को मिला, जबकि मिजोरम के प्रतिभागी ने रजत पदक जीता।
टीम इवेंट में भी छत्तीसगढ़ ने दिखाई ताकत
व्यक्तिगत पदकों के साथ टीम रैंकिंग में भी छत्तीसगढ़ ने दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। वेटलिफ्टिंग की ओवरऑल चैम्पियनशिप में असम की महिला टीम शीर्ष पर रही, ओडिशा को पहला रनरअप स्थान मिला, जबकि मेजबान छत्तीसगढ़ ने सेकंड रनरअप बनकर अपनी ताकत साबित की।
सम्मान समारोह में खिलाड़ियों का हुआ अभिनंदन
समापन समारोह में केदार कश्यप और महापौर मीनल चौबे ने विजेताओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
लक्की बाबू ने कहा कि इस तरह के बड़े आयोजनों से ग्रामीण और आदिवासी युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और वे खेलों में अपना भविष्य संवार सकते हैं।