

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Police crackdown on illegal gutkha storage in Raipur, seizing goods worth around Rs 10 lakh
रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध गुटखा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 लाख रुपये मूल्य का गुटखा जब्त किया है। नार्थ जोन पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) की संयुक्त टीम ने खमतराई क्षेत्र स्थित एक यार्ड में दबिश देकर भारी मात्रा में गुटखा बरामद किया। लंबे समय से यहां अवैध भंडारण और सप्लाई की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारा।
पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त और खमतराई थाना प्रभारी की टीम गठित की गई थी। टीम ने यार्ड में छापा मारकर तलाशी ली, जहां बोरियों में छिपाकर रखा गया गुटखा बरामद हुआ। पुलिस यार्ड संचालक से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि जब्त गुटखा शहर के विभिन्न इलाकों में सप्लाई किया जाना था।
जब्त गुटखा असली है या नकली, इसका पता लगाने के लिए फूड सेफ्टी विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों ने गुटखे के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि गुटखा स्वास्थ्य मानकों पर खरा उतरता है या प्रतिबंधित श्रेणी में आता है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच में गुटखा अवैध या नकली पाए जाने पर संबंधित धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त कार्रवाई के बाद शहर में अवैध गुटखा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई तेज की जाएगी और अवैध कारोबार पर लगातार सख्ती जारी रहेगी।