

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बालोद-दल्लीराजहरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात करीब 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा जमही टोल प्लाजा के पास हुआ, जहां सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक के पीछे तेज रफ्तार बाइक जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान विनोद हल्बा, प्रशांत हल्बा और हरीश हल्बा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों युवक गुजरा गांव के निवासी थे और बाइक से कुसुमकसा से अपने गांव लौट रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, जमही टोल प्लाजा के पास लापरवाहीपूर्वक खड़ी अज्ञात ट्रक के पीछे उनकी बाइक जा भिड़ी। हादसे में तीनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस मौके पर पहुंची। रात करीब 10 बजे एम्बुलेंस के जरिए तीनों शवों को जिला अस्पताल की मर्च्युरी में रखवाया गया। शनिवार को पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार सड़क पर लापरवाही से खड़ी ट्रक के चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।