

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

kondagaon-ma-danteshwari-maize-plant-attack-villagers-protest-waste-disposal
कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिला अंतर्गत कोकोड़ी गांव स्थित मां दंतेश्वरी मक्का प्लांट पर गुरुवार रात करीब 700–800 ग्रामीणों ने हमला कर दिया। लाठी-डंडों और पत्थरों से लैस लोगों ने प्लांट के ऑफिस में घुसकर तोड़फोड़ की। कैंपस में खड़ी कार, ट्रैक्टर सहित कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार 10 से 20 लाख रुपए तक के नुकसान की आशंका है।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से निकलने वाला वेस्ट (अपशिष्ट) खेतों तक पहुंच रहा है, जिससे फसलें खराब हो रही हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से आक्रोश भड़क गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शुक्रवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने दोबारा प्लांट में घुसने की कोशिश की, जिन्हें पुलिस ने खदेड़ दिया। एहतियात के तौर पर कांकेर से अतिरिक्त बल बुलाया गया है। प्लांट के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है और गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। कुछ ग्रामीण दूर से गुलेल से पथराव करते रहे।
हमले के दौरान प्लांट पर मौजूद महाराष्ट्र के एक ड्राइवर ने बताया कि जान बचाने के लिए उसे जंगल में छिपना पड़ा।
अपर कलेक्टर कोंडागांव, चित्रकांत चार्ली ठाकुर ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जाएगी। ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर संबंधित प्लांट को एहतियातन बंद कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।