

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: School Education Department takes major decision, Assistant Teacher Direct Recruitment 2023 process ends
रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग ने सहायक शिक्षक सीधी भर्ती प्रक्रिया–2023 को औपचारिक रूप से समाप्त करने का निर्णय लिया है। भर्ती प्रक्रिया के दौरान उत्पन्न हुई कानूनी बाधाओं, न्यायालयीन आदेशों और समयसीमा समाप्त होने के कारण यह फैसला लिया गया है। विभाग का कहना है कि अब इस भर्ती के तहत आगे कोई नियुक्ति संभव नहीं है।
6285 पदों पर निकली थी भर्ती
स्कूल शिक्षा विभाग ने 4 मई 2023 को सहायक शिक्षक के 6285 पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था। इसके बाद व्यापम द्वारा 1 जुलाई 2023 को परीक्षा परिणाम घोषित किया गया, जिसकी वैधता एक वर्ष यानी 1 जुलाई 2024 तक थी।
बी.एड. अभ्यर्थियों को लेकर उठा विवाद
भर्ती प्रक्रिया के दौरान बी.एड. डिग्रीधारी अभ्यर्थियों की पात्रता को लेकर विवाद सामने आया। इस संबंध में न तो सर्वोच्च न्यायालय और न ही छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने प्रारंभिक चरण में कोई आदेश दिया था। इसी बीच विभाग चार चरणों में भर्ती प्रक्रिया पूरी कर चुका था।
हाईकोर्ट के आदेश से रुकी भर्ती
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने 2 अप्रैल 2024 को आदेश देते हुए कहा कि बी.एड. डिग्रीधारी अभ्यर्थी सहायक शिक्षक पद के लिए पात्र नहीं होंगे। इस आदेश तक विभाग 5301 सहायक शिक्षकों की नियुक्ति कर चुका था, जिनमें 2621 बी.एड. डिग्रीधारी शामिल थे। कोर्ट के आदेश के बाद भर्ती के अगले चरण पर रोक लगा दी गई।
चयन सूची की वैधता बढ़ाई गई
हाईकोर्ट के आदेश के पालन में स्कूल शिक्षा विभाग ने 24 फरवरी 2025 को आदेश जारी कर 2621 पदों की चयन सूची की वैधता 1 जुलाई 2025 तक बढ़ाई। इसके तहत मार्च–अप्रैल 2025 में भर्ती का पांचवां चरण आयोजित किया गया।
पांचवें चरण में 2615 अभ्यर्थी शामिल
पांचवें चरण में सेवा से हटाए गए बी.एड. डिग्रीधारियों के स्थान पर 2615 डी.एड. डिग्रीधारी अभ्यर्थियों को शामिल किया गया। इस चरण की श्रेणीवार कटऑफ रैंक इस प्रकार रही—
सामान्य (मुक्त): 2314 से 9999
अनुसूचित जाति (मुक्त): 7239 से 10990
अन्य पिछड़ा वर्ग (मुक्त): 6670 से 9193
अनुसूचित जनजाति (मुक्त): 54537 से 72852
1299 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र
पांचवें चरण में शामिल 2615 अभ्यर्थियों में से 1316 अभ्यर्थी दस्तावेज सत्यापन में अनुपस्थित या अपात्र पाए गए। शेष 1299 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए गए।
छठवें चरण की मांग खारिज
भर्ती परिणाम की बढ़ी हुई वैधता 1 जुलाई 2025 को समाप्त हो चुकी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि छठवें चरण की मांग कर रहे अभ्यर्थी मेरिट सूची में काफी नीचे हैं, इसलिए उन्हें नियुक्ति का अवसर नहीं दिया जा सकता।
विभाग का स्पष्ट रुख
स्कूल शिक्षा विभाग का कहना है कि, सभी श्रेणियों में कटऑफ रैंक पहले ही काफी नीचे जा चुकी है। भर्ती विज्ञापन को जारी हुए दो साल से अधिक समय हो चुका है। इस दौरान नए योग्य अभ्यर्थी नई शिक्षक भर्ती परीक्षा की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इन सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए सहायक शिक्षक सीधी भर्ती–2023 की प्रक्रिया को पूरी तरह समाप्त करने का निर्णय लिया गया है।

