

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: State-level job fair in Raipur on October 7–8; recruitment for over 10,500 posts.
रायपुर। रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए राजधानी में 7 और 8 अक्टूबर को राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में होने वाले इस मेले में अब तक 10,500 से ज्यादा रिक्तियां सामने आई हैं। इनमें करीब 5 हजार पद छत्तीसगढ़ में और करीब 5 हजार पद राज्य के बाहर के हैं।
रायपुर के सहायक संचालक केदार पटेल के अनुसार अब तक 72 नियोजक मेले के लिए पंजीयन करा चुके हैं। कंपनियों के लिए पंजीयन की अंतिम तारीख 3 अक्टूबर है। ऐसे में रिक्तियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। वहीं, रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक युवाओं के लिए पंजीयन 7 अक्टूबर तक किया जा सकेगा।
विभाग के मुताबिक विभिन्न पदों पर वेतन 10 हजार से 50 हजार रुपये प्रतिमाह तक हो सकता है। वेतन पद, योग्यता और अनुभव के आधार पर निर्धारित होगा। नियुक्ति के बाद रोजगार विभाग करीब तीन महीने तक युवाओं का फॉलोअप भी करेगा, ताकि यह पता चल सके कि चयनित अभ्यर्थी संबंधित संस्थान में काम कर रहे हैं या नहीं।
ई-रोजगार पोर्टल पर दर्ज रिक्तियों में गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में रोजगार के अवसर हैं। उदाहरण के लिए दाहेज, गुजरात में 500 मशीन ऑपरेटर, पुणे में 100 असेंबली ऑपरेटर और एनसीआर में भी 100 असेंबली ऑपरेटर के पद दर्ज हैं।
रोजगार मेले में 10वीं-12वीं पास, आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक, एमबीए और एमसीए योग्यता वाले युवाओं के लिए अवसर उपलब्ध हैं। तकनीकी क्षेत्र में फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, मशीन ऑपरेटर, मैकेनिकल इंजीनियर और सर्विस इंजीनियर जैसे पद शामिल हैं।
शांता टेक्नो में इलेक्ट्रिशियन पद के लिए 12,060 से 25 हजार रुपये तक वेतन दर्ज है। वहीं, कुछ नर्सिंग स्टाफ पदों पर अनुभव के आधार पर 7 हजार से 35 हजार रुपये तक वेतन उपलब्ध है।
रिक्तियां केवल रायपुर तक सीमित नहीं हैं। विभाग की सूची में बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, अंबिकापुर, जशपुर, धमतरी, महासमुंद, राजनांदगांव और कवर्धा समेत अन्य जिलों में भी पद शामिल हैं। इनमें इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन, सेल्स, डिलीवरी, सुरक्षा और अन्य तकनीकी पद हैं।
रायपुर में पिकिंग-पैकिंग, सुरक्षा, नर्सिंग, एचआर और मार्केटिंग समेत विभिन्न क्षेत्रों में भी भर्ती के अवसर उपलब्ध हैं।
रोजगार मेले में केवल उच्च शिक्षित युवाओं के लिए ही नहीं, बल्कि 10वीं पास अभ्यर्थियों के लिए भी कई पद हैं। इनमें पिकर-पैकर, मशीन ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड, हाउसकीपिंग, डिलीवरी और केयरटेकर जैसे काम शामिल हैं। रायपुर में 100 सहायक पदों के लिए 10वीं पास अभ्यर्थियों को पिकिंग, पैकिंग, स्कैनिंग और सॉर्टिंग का काम दिया जाना है।
अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में पहुंचने से पहले ई-रोजगार पोर्टल पर ‘रोजगार इच्छुक लॉगिन’ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर अपनी पसंद की रिक्ति का चयन करना होगा। इसके बाद निर्धारित तारीख और समय पर रोजगार मेले के स्थल पर पहुंचना होगा।