

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Strict action by the Education Department, two teachers who arrived at school drunk suspended
बिलासपुर। बिलासपुर जिले में स्कूल में शराब के नशे में पहुंचने के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने कड़ी कार्रवाई करते हुए दो सहायक शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। दोनों मामलों में स्थानीय शिकायत, जांच और स्पष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह निर्णय लिया गया।
जुनवानी स्कूल के शिक्षक संदीप रात्रे निलंबित
पहला मामला जुनवानी ग्राम पंचायत स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का है। 6 मार्च को ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि जब स्कूल निरीक्षण के लिए पहुंचे, तब वहां पदस्थ सहायक शिक्षक संदीप रात्रे को शराब के नशे में पाया गया।
स्कूल के प्रधान पाठक ने भी बताया कि शिक्षक कई बार बिना पूर्व सूचना के स्कूल से अनुपस्थित रहते हैं, जिससे पढ़ाई व्यवस्था प्रभावित होती है। ग्रामीणों और स्कूल स्टाफ ने संयुक्त रूप से इसकी शिकायत विकासखंड शिक्षा अधिकारी मस्तूरी को सौंपी। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने संदीप रात्रे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय दर्रीघाट स्थित शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तय किया गया है।
कुकुर्दीकला स्कूल के शिक्षक भी सस्पेंड
दूसरा मामला मस्तूरी ब्लॉक के कुकुर्दीकला स्थित पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला का है। यहां पदस्थ सहायक शिक्षक उत्तम कुमार कंवर के खिलाफ भी शराब पीकर स्कूल आने की शिकायत मिली थी।
मामले की जानकारी मिलने पर बीईओ ने शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा। जवाब में शिक्षक ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। इसके बाद जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने उन्हें भी निलंबित कर दिया।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
गौरतलब है कि जिले में इससे पहले भी स्कूल में शराब के नशे में पहुंचने के मामलों में करीब 14 से अधिक शिक्षकों को निलंबित किया जा चुका है। इसके बावजूद कुछ शिक्षक अपनी आदतों में सुधार नहीं कर रहे हैं, जिस पर शिक्षा विभाग लगातार सख्ती बरत रहा है।