

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Budget Session 2026: Uproar in Chhattisgarh Assembly over gas cylinder shortage, 35 opposition members suspend themselves
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज गुरुवार को शून्यकाल के दौरान गैस सिलेंडर की किल्लत और महंगाई के मुद्दे पर जोरदार हंगामा देखने को मिला। विपक्षी सदस्यों के विरोध के चलते सदन की कार्यवाही कुछ समय के लिए बाधित हुई और आसंदी को कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।
नेता प्रतिपक्ष ने उठाया गैस संकट का मुद्दा
शून्यकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले आश्वासन दिया था कि युद्ध जैसी परिस्थितियों के बावजूद गैस की कमी नहीं होगी, लेकिन अब प्रदेश में गैस सिलेंडर की किल्लत सामने आ रही है।
इस पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि यह मुद्दा राज्य सरकार का नहीं बल्कि केंद्र सरकार से जुड़ा विषय है, इसलिए इसकी चर्चा विधानसभा में नहीं होनी चाहिए।
भूपेश बघेल ने कहा- व्यवस्था तो राज्य को करनी होगी
विवाद के बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भले ही यह विषय केंद्र से जुड़ा हो, लेकिन व्यवस्था राज्य सरकार को ही करनी होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोग गैस सिलेंडर के लिए लाइन में खड़े हैं और परेशानी झेल रहे हैं।
बघेल ने यह भी कहा कि शादी का सीजन चल रहा है और व्यावसायिक गैस की आपूर्ति भी प्रभावित है। ऐसे में गैस सिलेंडर की कमी से आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थगन प्रस्ताव की मांग, विपक्ष का हंगामा
विपक्ष ने इस मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव की मांग की, लेकिन आसंदी से इसकी अनुमति नहीं मिलने पर विपक्षी सदस्य गर्भगृह में पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही बाधित हो गई। स्थिति को देखते हुए विपक्ष के करीब 35 सदस्य स्वयं ही निलंबित हो गए।