

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Summer travel will be easier, with several summer special trains running from Raipur, increasing the chances of getting a confirmed seat.
रायपुर। रायपुर गर्मियों की छुट्टियों में बढ़ती यात्रियों की संख्या को संभालने के लिए भारतीय रेलवे ने अहम कदम उठाया है। रायपुर समेत प्रदेश के प्रमुख स्टेशनों से गुजरने वाली कई समर स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इन ट्रेनों के जरिए दक्षिण, पश्चिम और उत्तर-पूर्व भारत के बड़े शहरों से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे यात्रियों को कंफर्म बर्थ मिलने में राहत मिलेगी।
दक्षिण से लेकर बिहार बंगाल तक सीधी कनेक्टिविटी
नई स्पेशल ट्रेनें बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई, पुणे के साथ साथ बिहार और बंगाल तक सीधी सुविधा देंगी। खासतौर पर बिहार और पश्चिम बंगाल के लिए छह जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी, जो चर्लपल्ली से चलकर रायपुर और बिलासपुर होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी।
कोरबा से बेंगलुरु के लिए भी खास ट्रेन
कोरबा से बेंगलुरु के यात्रियों के लिए विशेष ट्रेन चलाई जा रही है। गाड़ी संख्या 08261 दो मई को सुबह 9 बजे कोरबा से रवाना होगी और दोपहर में रायपुर तथा दुर्ग पहुंचेगी। वापसी में 08262 ट्रेन तीन मई को बेंगलुरु से चलेगी। इस ट्रेन में स्लीपर और थर्ड एसी समेत कुल 20 कोच लगाए गए हैं।
बिहार और बंगाल के लिए स्पेशल शेड्यूल
चर्लपल्ली से मधुपुर, मुजफ्फरपुर और बरौनी के लिए अलग अलग तारीखों पर ट्रेनें संचालित होंगी। इन ट्रेनों का ठहराव गोंदिया, दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर में रहेगा, जिससे छत्तीसगढ़ के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।
मुंबई, पुणे और शालीमार के लिए भी स्पेशल फेरे
शालीमार और मुंबई रूट पर भी स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इतवारी-शालीमार स्पेशल ट्रेन का नंबर बदलकर अब 08861 और 08862 कर दिया गया है। यह ट्रेन 27 अप्रैल को इतवारी से रवाना होकर रात में रायपुर पहुंचेगी, जबकि वापसी में 28 अप्रैल को शालीमार से चलकर अगले दिन सुबह रायपुर आएगी।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह, समय पर करें बुकिंग
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेनों के समय और संचालन की जानकारी अधिकृत प्लेटफॉर्म आईआरसीटीसी या स्टेशन पूछताछ से जरूर प्राप्त करें। लंबी दूरी की यात्रा के लिए समय रहते आरक्षण कराना फायदेमंद रहेगा।
इन्फ्रास्ट्रक्चर कार्य के चलते कुछ ट्रेनें प्रभावित
दूसरी ओर, रेलवे द्वारा चल रहे ब्रिज निर्माण और यार्ड रीमॉडलिंग कार्यों के कारण कुछ ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। संबलपुर मंडल में ब्रिज पुनर्निर्माण के चलते विशाखापट्टनम-रायपुर पैसेंजर ट्रेन 25 अप्रैल और 2 मई को रद्द रहेगी।
सारनाथ एक्सप्रेस बदले मार्ग से चलेगी
प्रयागराज में यार्ड कार्य के कारण दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। वहीं दुर्ग-आरा एक्सप्रेस 25 अप्रैल को अपने निर्धारित गंतव्य आरा की बजाय राजेंद्र नगर टर्मिनल तक ही सीमित रहेगी।
यात्रा से पहले अपडेट लेना जरूरी
रेलवे के अनुसार, कुछ ट्रेनों को नियंत्रित गति से चलाया जाएगा और कुछ के समय में बदलाव भी संभव है। इसलिए यात्रा से पहले पूरी जानकारी लेना बेहद जरूरी है, ताकि सफर बिना परेशानी के पूरा हो सके।