

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Tent businessman murdered in Kondagaon; friend turns out to be the murderer; businessman missing for three days
कोंडागांव। कोंडागांव जिले में टेंट व्यवसायी सुरेश चौहान (53) की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 11 अप्रैल से लापता चौहान का शव सोमवार को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे अर्धनग्न अवस्था में मिट्टी में दबा हुआ मिला। शव मिलने के बाद 48 घंटे पुरानी गुमशुदगी का मामला हत्या में बदल गया। मृतक शिरोमणि डेकोरेटर टेंट के संचालक थे और उनका कारोबार कोंडागांव समेत दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर और सुकमा जिलों तक फैला हुआ था।
परिवार ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी, पुलिस ने खंगाले 30 से ज्यादा सीसीटीवी
12 अप्रैल को उनके बड़े भाई महेश चौहान ने कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय के अनुसार, पुलिस ने जांच के दौरान 30 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान विकास नगर स्टेडियम में खून से सनी सुरेश चौहान की एक्टिवा स्कूटी बरामद हुई।
सीसीटीवी में संदिग्ध की गतिविधि, साइबर जांच से मिला सुराग
फुटेज में एक व्यक्ति स्कूटी को मरारपारा से लाकर स्टेडियम में खड़ा करता और फिर पैदल लौटता दिखाई दिया। इसके बाद साइबर सेल की जांच में सामने आया कि सुरेश चौहान की आखिरी बातचीत मरारपारा निवासी राजमिस्त्री सुरेश देवांगन से हुई थी।
कर्ज में डूबे दोस्त ने ही रची हत्या की साजिश
पुलिस ने सुरेश देवांगन को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। कर्ज में डूबे देवांगन ने लालच में आकर अपने कारोबारी दोस्त को निर्माणाधीन घर पर बुलाया और बसूले से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
शव दफनाया, स्कूटी दूर छोड़कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे मिट्टी में गाड़ दिया। वहीं, पहचान छिपाने के लिए स्कूटी को करीब दो किलोमीटर दूर स्टेडियम में छोड़ दिया।
पुलिस ने बरामद किए गहने और हत्या का हथियार
पुलिस ने आरोपी के घर से करीब चार लाख रुपये कीमत की दो सोने की अंगूठियां और हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
आरोपी गिरफ्तार, आगे की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।