

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Uproar over 'healing meeting' at Raipur cafe, four arrested on charges of conversion
रायपुर। राजधानी रायपुर के कटोरा तालाब स्थित एक कैफे में आयोजित ‘चंगाई सभा’ को लेकर रविवार को जमकर हंगामा हुआ। धर्मांतरण के आरोप लगाते हुए कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
कैफे के ऊपर हॉल में होती थी प्रार्थना सभा
पुलिस के अनुसार कटोरा तालाब स्थित डिवाइन कैफे के ऊपर एक हॉल को जैकब दास ने किराए पर लिया था। यहां हर रविवार को प्रार्थना सभा आयोजित की जाती थी। इस आयोजन में श्रीकांत मनहर, उदय प्रसाद, सेफिन मसीह और अमीन मसीह की भूमिका बताई गई है। बताया गया कि सभा में रायपुर सहित अन्य शहरों से भी लोग शामिल होने पहुंचते थे।
नौकरी और इलाज का झांसा देने का आरोप
आरोप है कि प्रार्थना के बाद बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने और बीमार लोगों को निःशुल्क इलाज कराने का झांसा दिया जाता था। इसके बदले धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जाता था।
टाटीबंध निवासी योगेश बरिहा को इसकी सूचना मिली, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने लोगों को कथित रूप से बहला-फुसलाकर सभा में बुलाने और धर्मांतरण कराने की बात कही। इसके बाद मौके पर हंगामा शुरू हो गया।
चार गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए श्रीकांत, उदय, सेफिन और अमीन को गिरफ्तार कर लिया है। सभी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामले का मुख्य आरोपी जैकब दास फरार बताया जा रहा है। कैफे के हॉल का किरायानामा भी उसी के नाम पर है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई जारी है।