

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Heat will increase in Chhattisgarh; mercury will rise by 3 degrees in 4 days, currently the weather is dry.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में आगामी चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद अगले दो दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। वहीं न्यूनतम तापमान में अगले सात दिनों तक किसी बड़े परिवर्तन के आसार नहीं हैं।
प्रदेश में पूरे दिन मौसम शुष्क रहा और कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। वर्षा के मुख्य आंकड़े निरंक रहे।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पूर्वोत्तर बांग्लादेश और उससे सटे मेघालय से गंगीय पश्चिमी बंगाल, आंतरिक ओडिशा और दक्षिणी छत्तीसगढ़ होते हुए विदर्भ तक फैले चक्रवाती परिसंचरण के ऊपर एक द्रोणिका समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है। हालांकि, इस सिस्टम का फिलहाल प्रदेश के मौसम पर कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ रहा है।
आज भी प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। अगले दो दिनों तक भी मौसम के शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
राजधानी रायपुर में आज आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने नागरिकों को दोपहर की तेज धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है, क्योंकि तापमान में बढ़ोतरी के साथ गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ सकता है।