

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Big difference in day-night temperature, heat is increasing in Chhattisgarh
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिन का तापमान लगातार चढ़ने से अब रात की तुलना में पारा लगभग दोगुना हो गया है, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है। पिछले 24 घंटों में राजधानी रायपुर का न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन में यह बढ़कर 31.2 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं दुर्ग और राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में रायपुर का न्यूनतम तापमान सामान्य रहा, लेकिन अधिकतम तापमान सामान्य से करीब तीन डिग्री अधिक दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया, जबकि दुर्ग और राजनांदगांव में दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले दो दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है, हालांकि इसके बाद अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
ढलान पर ठंड, तेज हो रही धूप
ठंड का मौसम अब धीरे-धीरे विदाई की ओर बढ़ रहा है। हालांकि रात और सुबह के समय अभी भी ठंड का असर महसूस किया जा रहा है, लेकिन दिन चढ़ते ही धूप तेज होने लगती है और ठंड का प्रभाव कम हो जाता है। पिछले दो-तीन दिनों से सुबह सात-आठ बजे तक ठंड का अनुभव होता है, इसके बाद धूप की तपिश साफ महसूस होने लगती है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, पहले मैदानी इलाकों में ठंड का असर कमजोर पड़ेगा, इसके बाद बस्तर और सरगुजा संभाग में भी ठंड धीरे-धीरे कम होती जाएगी। हालांकि रात की हल्की ठंड फरवरी और मार्च महीने तक बने रहने की संभावना है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। मौसम शुष्क बना रह सकता है। आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।