

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Cold weather continues in the morning and evening in Chhattisgarh, with temperatures expected to rise in the next 48 hours.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों सुबह और शाम के वक्त ठंड का अहसास बना हुआ है, हालांकि आने वाले दिनों में लोगों को इससे राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में प्रदेश के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। वहीं कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान में अधिकतम 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना भी जताई गई है।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान राज्य में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ।
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में बना स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र फिलहाल यथावत है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 9.4 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है और ऊंचाई के साथ उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर झुका है। इसके अलावा पूर्वी हवाओं में एक द्रोणिका 85 डिग्री पूर्वी देशांतर और 10 डिग्री उत्तरी अक्षांश के दक्षिण में समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। वहीं पूर्वोत्तर भारत के ऊपर औसत समुद्र तल से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 135 नॉट की रफ्तार से उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम बह रही है, जिसका प्रभाव प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है।
राजधानी रायपुर में शनिवार को सुबह के समय धुंध छाए रहने की संभावना है। मौसम शुष्क बना रहेगा। यहां अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल ठंड का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है और आने वाले दिनों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी के साथ मौसम में हल्की गर्माहट महसूस की जा सकती है।