

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Cold wave returns to Chhattisgarh: Temperatures will drop as the Western Disturbance moves away, and an alert has been issued for several districts.
रायपुर। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद छत्तीसगढ़ में एक बार फिर ठंड अपना प्रचंड रूप दिखाने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन से चार दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर चलने की संभावना है। खास तौर पर उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिलेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले तीन दिनों के लिए राज्य के कई जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति को लेकर अलर्ट जारी किया है। इनमें मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, रायपुर, दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, बेमेतरा, कबीरधाम, मोहला-मानपुर और खैरागढ़-छुईखदान जिले शामिल हैं। इन इलाकों के कुछ पॉकेट में ठंड के साथ-साथ घना कोहरा और धुंध छाने की भी संभावना जताई गई है।
पिछले कुछ दिनों से नमी युक्त हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई थी, लेकिन अब पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ चुका है। इसके चलते हवा में नमी कम हो गई है और रात के तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले तीन-चार दिनों तक ठंड का जोरदार असर बना रहेगा।
पिछले 24 घंटों में ज्यादातर शहरों का न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर लौट आया है। वहीं, पेंड्रा और अंबिकापुर में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो चुका है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजधानी रायपुर में यह 14.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजधानी रायपुर में आज धुंध छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां न्यूनतम तापमान करीब 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। लोगों को सुबह और देर रात के समय ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।