

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Cold winds affect Chhattisgarh, cold wave alert issued for the next three days.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में उत्तर दिशा से आ रही बर्फीली और शुष्क हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड का असर तेज हो गया है। प्रदेशवासियों को फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार कम नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग ने मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा, दुर्ग और रायपुर संभाग के एक-दो इलाकों में शीतलहर चली। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 3.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे वहां कड़ाके की ठंड महसूस की गई।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, उत्तर से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की और कमी हो सकती है। इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी का दौर शुरू होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 8 जनवरी तक सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, रायपुर, बलोदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और बेमेतरा जिलों के एक-दो इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है।
वहीं 8 से 9 जनवरी के बीच रायपुर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और बेमेतरा जिलों में भी शीतलहर के आसार बने रहेंगे।
राजधानी रायपुर में आज धुंध छाए रहने की संभावना है। यहां न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।