

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Heat will increase again in Chhattisgarh, Meteorological Department expressed the possibility of temperature rising by 4 degrees.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन अब मौसम विभाग ने तापमान में फिर बढ़ोतरी के संकेत दिए हैं। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में लगभग 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।
रविवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मनेंद्रगढ़, पेंड्रा रोड और माना-रायपुर एयरपोर्ट क्षेत्र में 3 सेंटीमीटर तक बारिश हुई।
इसके अलावा बिलासपुर और रायपुर में 2 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं मोहला, अंबागढ़ चौकी, लोरमी, तखतपुर और सकरी में 1 सेंटीमीटर तक पानी गिरा।
प्रदेश में सबसे अधिक गर्मी दुर्ग में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा ने बताया कि कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। पश्चिमी विक्षोभ, ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण और द्रोणिकाओं के प्रभाव से प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर अगले 48 घंटों में निम्न दाब का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। कुछ इलाकों में अंधड़ चलने और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी रायपुर में आज दोपहर और शाम के बाद आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में अब अधिकतम तापमान में वृद्धि का दौर शुरू हो सकता है। अगले कुछ दिनों में गर्मी का असर फिर तेज होने की संभावना है।