

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Heat will increase in Chhattisgarh, people are troubled by humidity in Raipur; the temperature may rise by 4 degrees in the next 5 days.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बदली और बारिश की गतिविधियों में कमी आने के बाद एक बार फिर गर्मी का असर बढ़ने लगा है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में सोमवार को लोगों को तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले पांच दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। मंगलवार को भी मौसम मुख्यतः शुष्क रहने और गर्मी बढ़ने की संभावना जताई गई है।
सोमवार को ऐसा रहा मौसम
प्रदेश में सोमवार को एक-दो स्थानों पर अति हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। दोपनापाल में 1 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर में भी अधिकतम तापमान में करीब 1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई, जिससे दिनभर उमस भरी गर्मी बनी रही।
मौसम विभाग ने जताई बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 13 मई को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और श्रीलंका के उत्तरी तट के ऊपर एक निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है, जिसके अगले 48 घंटों में और मजबूत होने के संकेत हैं।
इसके अलावा उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश से उप-हिमालयीन पश्चिम बंगाल तक छत्तीसगढ़ होते हुए एक द्रोणिका भी बनी हुई है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में कहीं-कहीं बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
रायपुर में फिर बादल छाने के आसार
मौसम विभाग द्वारा जारी स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक, रायपुर में मंगलवार को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा, हालांकि दोपहर या शाम के समय आंशिक बादल छा सकते हैं। शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
बढ़ती गर्मी से सतर्क रहने की सलाह
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय तेज धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में तापमान में लगातार वृद्धि के कारण गर्मी और उमस दोनों बढ़ सकती हैं।