

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Icy winds from the north wreak havoc; extreme cold grips Chhattisgarh, mercury expected to drop by 2 degrees, cold wave alert issued for several districts.
रायपुर। दिसंबर के बाद जनवरी का महीना भी ठंड से राहत नहीं देने वाला है। प्रदेश में कड़ाके की सर्द रातों का दौर जारी है और मकर संक्रांति से पहले ठंड से खास राहत मिलने की संभावना कम नजर आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि की संभावना जताई गई है, हालांकि 24 से 48 घंटे बाद मिलने वाली राहत बहुत मामूली होगी।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो इलाकों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। इससे पहले गुरुवार को सरगुजा और दुर्ग संभाग के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर का असर देखा गया। फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तरी भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ मौसम परिवर्तन का मुख्य कारण है। यह विक्षोभ उत्तरी पंजाब और आसपास के इलाकों में लगभग 3 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। वहीं, उत्तर भारत के ऊपर करीब 12 किलोमीटर की ऊंचाई पर तेज गति से चल रही पश्चिमी जेट स्ट्रीम भी तापमान में उतार-चढ़ाव की वजह बन रही है।
मौसम विभाग ने 9 जनवरी तक सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, रायपुर, बलोदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, मोहल्ला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और बेमेतरा जिलों में एक-दो स्थानों पर शीतलहर की आशंका जताई है। वहीं 10 जनवरी को दुर्ग जिले में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दुर्ग जिले में 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 3.5 डिग्री रहा। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक 27.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम 12.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। माना में अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री और न्यूनतम 12.4 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर में आज धुंध छाए रहने की संभावना जताई है।