

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Intense cold wave grips Chhattisgarh, cold wave alert issued for several districts, fog expected in Raipur in the morning.
रायपुर। प्रदेश में ठंड का प्रकोप लगातार बना हुआ है। उत्तर से आ रही शुष्क और ठंडी हवाओं के चलते कई इलाकों में शीतलहर जैसी स्थिति देखने को मिल रही है। सुबह और शाम ठंड इतनी तेज है कि लोग अलाव का सहारा लेने को मजबूर हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान दुर्ग, बालोद, रायपुर सहित कई जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर में सुबह के समय धुंध छाए रहने के आसार हैं।
राजधानी रायपुर का न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है, जबकि माना क्षेत्र में पारा 5 डिग्री तक नीचे गिर चुका है। महज 10 किलोमीटर के अंतर में तापमान में इतना बड़ा फर्क ठंड की तीव्रता को दर्शा रहा है। प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में हालात और भी गंभीर हैं, जहां लगातार बर्फ जमने जैसी स्थिति बन रही है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि दिन का सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में ठंड की स्थिति में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
इन जिलों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहल्ला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, बेमेतरा और रायपुर जिलों के एक-दो इलाकों में शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
रायपुर का मौसम पूर्वानुमान
शनिवार को राजधानी रायपुर में सुबह धुंध छाए रहने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है। ठंड से बचाव को लेकर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।