

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Monsoon arrival imminent in Chhattisgarh; rain in several districts; thunderstorms and lightning likely over the next 3 days.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक से पहले मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से आंशिक राहत मिली है। मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मेघगर्जन, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान बिलासपुर संभाग में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में तापमान में विशेष बदलाव नहीं हुआ। गुरुवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया।
बीते 24 घंटों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। केशकाल और छिंदगढ़ में 3-3 सेंटीमीटर, कांकेर, गंडई, जगदलपुर, बोराई, बड़े राजपुर, कुआकोंडा, माकड़ी और दुर्ग में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं पिपरिया, धमधा, बड़े बचेली, राजनांदगांव, चारामा, तोंगपाल, खड़गांव और भीमभोरी में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पंजाब से हरियाणा, उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक समुद्र तल पर मौसमी द्रोणिका सक्रिय है। इसके अलावा पूर्वी विदर्भ से तेलंगाना और आंध्र प्रदेश होते हुए तमिलनाडु तक लगभग 0.9 किलोमीटर ऊंचाई पर एक अन्य द्रोणिका बनी हुई है। इन प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ रही है और वर्षा की परिस्थितियां बन रही हैं।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। साथ ही कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है। विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले 4 से 5 दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ चल सकता है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा वज्रपात की स्थिति में सतर्क रहने की अपील की है।