

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Relief from heat continues in Chhattisgarh, yellow alert for rain and storm in more than 20 districts
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी से फिलहाल लोगों को राहत मिली हुई है। पिछले 24 घंटों के दौरान राजनांदगांव को छोड़कर राज्य के सभी इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। गुरुवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश भी हुई, जिससे मौसम सुहावना बना रहा। हालांकि इस दौरान अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
अगले 5 दिनों तक बारिश और तेज हवा के आसार
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले पांच दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। इस दौरान तापमान में धीरे-धीरे 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। शुक्रवार सुबह 20 से अधिक जिलों में बारिश और तेज आंधी को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में गरज-चमक, बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।
चरमा और गरियाबंद में हुई बारिश
गुरुवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। चरमा में 3 सेंटीमीटर और गरियाबंद में 1 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में रहा।
सक्रिय मौसम प्रणालियों का असर
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार दक्षिण मध्य प्रदेश, अंदरुनी उड़ीसा और पूर्वी बिहार के ऊपर अलग-अलग ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं। इसके अलावा दक्षिण मध्य प्रदेश से झारखंड तक छत्तीसगढ़ होकर एक द्रोणिका भी गुजर रही है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में बारिश और अंधड़ की स्थिति बनी हुई है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने के आसार जताए हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।