

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Severe cold will return after Makar Sankranti, temperature expected to drop by 3 degrees
रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिलहाल ठंड से कुछ राहत जरूर महसूस की जा रही है, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों की नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार मकर संक्रांति के बाद प्रदेश में एक बार फिर कड़ाके की ठंड की वापसी होने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे कई इलाकों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ने के आसार हैं।
वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य में निचले स्तर पर नमी युक्त हवाएं प्रवेश कर रही हैं। इसी कारण पिछले कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे ऊपर चढ़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले तीन दिनों तक नमी का यह असर बना रहेगा, जिससे मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है। हालांकि, यह बढ़ोतरी ठंड के असर को पूरी तरह खत्म नहीं कर पाएगी।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। सरगुजा संभाग में ठंड का असर अभी भी बना हुआ है, जबकि रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है और यह प्रक्रिया 15 जनवरी तक जारी रह सकती है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ेगा, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और प्रदेश में फिर से ठंड का दौर शुरू हो सकता है। रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात रायपुर का न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
13 जनवरी को राजधानी रायपुर में सुबह के समय धुंध छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 13 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।