

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Severe heat wreaks havoc in Chhattisgarh, yellow alert issued, Health Minister directs states to stock essential medicines
रायपुर। प्रदेश में बढ़ती गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मौसम विज्ञान विभाग ने तापमान में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और तेज हो सकती है, जिससे लू और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ेगा।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर
बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने बताया कि सीएमएचओ की बैठक में सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अस्पतालों में ठंडे पानी की व्यवस्था, खराब पंखे-कूलर और एसी को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही लू और मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए पर्याप्त दवाइयों का स्टॉक रखने को कहा गया है।
दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा
तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। विशेषज्ञों ने दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर में रहने की सलाह दी है, क्योंकि इस दौरान सूर्य की किरणें सबसे अधिक तीव्र होती हैं।
प्रदेश में तापमान 43 डिग्री के पार
मौसम विभाग के अनुसार राजनांदगांव में सर्वाधिक 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। रायपुर में पारा 43 डिग्री तक पहुंच गया है। इसके अलावा माना में 42.5, बिलासपुर में 42.8, जगदलपुर में 40, पेंड्रा रोड में 39.9 और अंबिकापुर में 39.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है।
लू से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बाहर निकलते समय सिर ढककर रखें, हल्के और सूती कपड़े पहनें। शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए नियमित रूप से पानी, नींबू पानी, छाछ और नारियल पानी का सेवन करें। लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की है।