

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: The intensity of the cold will increase in Chhattisgarh, with a 2-3 degree drop in temperature. An alert has been issued for light rain and dense fog.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड अब प्रचंड रूप लेने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटे बाद प्रदेश में तापमान में गिरावट का दौर शुरू होगा। अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड महसूस की जाएगी।
मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही एक-दो पॉकेट क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं, जिससे सुबह और रात के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो सुकमा में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उससे सटे क्षेत्रों में समुद्र तल से लगभग 3.1 किलोमीटर ऊपर ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। इसके साथ मध्य और ऊपरी ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर एक द्रोणिका भी बनी हुई है, जिसका अक्ष समुद्र तल से लगभग 5.8 किलोमीटर ऊपर देशांतर 75° पूर्व के साथ अक्षांश 33° उत्तर के उत्तर में स्थित है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
राजधानी रायपुर में 3 जनवरी को धुंध छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार यहां अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर सुबह और रात के समय यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।