

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: The weather has changed due to a western disturbance; night temperatures have risen above 10 degrees Celsius.
रायपुर। एक के बाद एक सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के चलते छत्तीसगढ़ में ठंड का असर कमजोर पड़ने लगा है। इसकी वजह से राज्य में रात का तापमान अब 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव बना रहेगा, लेकिन अब किसी बड़ी गिरावट की संभावना काफी कम है। ठंड के अंतिम दौर में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ ने न्यूनतम तापमान में स्पष्ट बढ़ोतरी कर दी है।
बीते 24 घंटों में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक रहा। माना और दुर्ग को छोड़ दिया जाए तो राज्य के किसी भी अन्य मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान बेहद कम स्तर पर नहीं पहुंचा। वहीं दिन के समय प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जिससे हल्की गर्मी का अहसास हुआ।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले तीसरे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले दो-तीन दिनों तक तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। हालांकि हल्की ठंड का असर सुबह और रात के समय बना रह सकता है। अगले दो दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट संभव है, लेकिन इसके बाद फिर तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी के आसार हैं। मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई गई है।
राजधानी रायपुर में आज सुबह हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। दिनभर मौसम शुष्क रहेगा। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से अब प्रदेश में ठंड धीरे-धीरे विदा लेने की ओर बढ़ रही है, जबकि दिन के तापमान में लगातार इजाफा देखने को मिल सकता है।