

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Weather changes in Chhattisgarh, temperature drops due to rain, likely to last for three days
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक यू-टर्न ले लिया है। सोमवार को हुई बारिश के बाद प्रदेश का मौसम सुहावना हो गया। राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहे और हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना जताई है।
प्रदेश के कुछ स्थानों पर अति हल्की से हल्की वर्षा दर्ज की गई। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.7°C जगदलपुर में दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.0°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना है। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 2°C गिरावट के बाद 2–3°C की बढ़ोतरी होने का अनुमान है। वहीं न्यूनतम तापमान में अगले सात दिनों तक विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग में एक निम्न दाब का क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ते हुए अगले 24 घंटों में कमजोर पड़ने की संभावना है।
साथ ही एक द्रोणिका गंगेटिक पश्चिम बंगाल से उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश तक ओडिशा होते हुए 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है, जिसका असर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार 24 फरवरी को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। कुछ जगहों पर वज्रपात की भी संभावना है। वर्षा का प्रभाव मुख्य रूप से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में देखने को मिल सकता है।
राजधानी रायपुर में 24 फरवरी को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। तापमान अधिकतम 28°C और न्यूनतम 20°C के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है।