

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Weather will change again in Chhattisgarh, rain is expected; mercury may drop by 3 degrees after three days.
रायपुर। जनवरी की विदाई नजदीक है, लेकिन छत्तीसगढ़ में ठंड अभी पूरी तरह खत्म होने के संकेत नहीं दे रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश में एक बार फिर मौसम के मिजाज में बदलाव की संभावना जताई है। आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधि देखने को मिल सकती है, क्योंकि दो सक्रिय मौसम तंत्रों के साथ एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रवेश के आसार बन रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, 28 जनवरी को उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश के साथ मेघगर्जन हो सकता है। वहीं, इसके तीन दिन बाद प्रदेश के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। हालांकि पिछले कुछ दिनों से विभिन्न क्षेत्रों में रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
सोमवार को पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश नहीं हुई।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ 58 डिग्री पूर्व और 20 डिग्री उत्तर अक्षांश के आसपास स्थित है। इसके साथ ही हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में 1.5 से 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक एक प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा, 30 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।
आज यानी 27 जनवरी को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि 28 और 29 जनवरी को सरगुजा और उससे लगे बिलासपुर संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है, जबकि प्रदेश के शेष हिस्सों में तापमान लगभग स्थिर बना रह सकता है।
राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह धुंध का असर देखने को मिल सकता है। दिनभर मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।