

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpg&w=3840&q=75)
Chhattisgarh: Yoga Commission Chairman Roop Narayan Sinha passes away in hospital
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा और प्रदेश की राजनीति के लिए आज मंगलवार का दिन बेहद दुखद साबित हुआ। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता रूपनारायण सिन्हा का इलाज के दौरान निधन हो गया। वे बिलासपुर में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान में शामिल होने पहुंचे थे, जहां कार्यक्रम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
बताया जा रहा है कि उन्हें अचानक सीने में दर्द और बेचैनी महसूस हुई। मौके पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक उन्हें दिल का दौरा पड़ा था।
प्रशिक्षण शिविर में मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, रूपनारायण सिन्हा भाजपा के प्रशिक्षण शिविर में बतौर प्रशिक्षण प्रभारी मौजूद थे। कार्यक्रम में संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण सत्र चल रहे थे और प्रदेशभर से बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए थे। इसी दौरान अचानक हुई इस घटना से पूरे आयोजन स्थल पर शोक का माहौल छा गया।
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा के कई वरिष्ठ नेता अस्पताल पहुंचे। नेताओं ने डॉक्टरों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली, लेकिन इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
जनवरी 2025 में बने थे योग आयोग के अध्यक्ष
रूपनारायण सिन्हा लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े हुए थे और पार्टी के विभिन्न अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे थे। संगठनात्मक अनुभव और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ के कारण उन्हें पार्टी में विशेष सम्मान प्राप्त था।
उन्हें जनवरी 2025 में छत्तीसगढ़ योग आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। इस पद के साथ उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी मिला हुआ था। योग और स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर वे लगातार सक्रिय रहते थे और प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेते रहे थे।
भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर
रूपनारायण सिन्हा के निधन की खबर सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके निधन को संगठन के लिए बड़ी क्षति बताया है। वहीं प्रशिक्षण शिविर का माहौल भी गमगीन हो गया।