

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh moving towards AI-based education
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने गुरुवार को दुर्ग के आत्मानंद स्कूल दीपक नगर समेत तीन स्कूलों में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से मुलाकात की, उन्हें उपहार वितरित किए और शिक्षा व्यवस्था में तकनीकी बदलावों को लेकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।

मंत्री ने कहा कि आधुनिक दौर में शिक्षा को तकनीक से जोड़ना समय की जरूरत है। आने वाले समय में AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित शिक्षा का विस्तार होगा, इसलिए प्रदेश में तेजी से स्मार्ट क्लास विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 200 से अधिक स्मार्ट क्लास तैयार हो चुके हैं, जबकि सरकार का लक्ष्य 9 हजार से ज्यादा स्मार्ट क्लास और 22 हजार स्मार्ट लैब स्थापित करने का है।

शाला प्रवेशोत्सव में बच्चों के उत्साह पर मंत्री ने कहा कि दुर्ग उनके विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है, इसलिए बच्चों से उनका विशेष जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि बच्चों के बीच जाकर उनसे मिलना और उन्हें उपहार देना उनके लिए खुशी की बात है।
रायपुर के नत्थी गांव में प्रस्तावित विधायक आवास को लेकर चल रहे विवाद पर मंत्री गजेंद्र यादव ने कांग्रेस पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2024 के बजट सत्र के दौरान भाजपा और कांग्रेस, दोनों दलों के विधायकों ने मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष से विधायकों के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग की थी। उनके अनुसार, कांग्रेस के विधायकों ने भी नत्थी गांव की जमीन को बेहतर विकल्प बताया था।
मंत्री ने दावा किया कि उस समय वहां केवल 7-8 अतिक्रमणकारी परिवार थे, जिन्हें पुनर्वास देने पर सहमति बनी थी। बाद में विधायक कॉलोनी बनने की जानकारी मिलने के बाद बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हुआ और अब इस मुद्दे को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।
वहीं, भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) में सामने आए कथित लोहा चोरी मामले पर मंत्री ने संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार अपना काम करेगी और जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।