

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh puts up a stellar performance at the National Youth Muay Thai Championship; makes history by winning 17 medals.
रायपुर। हल्द्वानी (उत्तराखंड) स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित नेशनल यूथ म्यू थाई चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन किया। 36 सदस्यीय दल ने प्रतियोगिता में 7 स्वर्ण, 4 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 17 पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
26 राज्यों और 5 केंद्र शासित प्रदेशों के 900 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में देशभर के 26 राज्यों और 5 केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 900 खिलाड़ियों ने भाग लिया। कड़े मुकाबलों के बीच छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। प्रतियोगिता में मेघालय ओवरऑल चैंपियन बना, जबकि असम दूसरे स्थान पर रहा।
फाइनल मुकाबलों में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने दिखाया दम
प्रतियोगिता के अंतिम दिन हुए फाइनल मुकाबलों में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। रायपुर की समिधा अग्रवाल ने मिजोरम की खिलाड़ी को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं संजीत मोहंती ने मुकाबला 'नो कांटेस्ट' घोषित होने पर गोल्ड मेडल हासिल किया।
बालोद के खिलाड़ियों ने बढ़ाया राज्य का गौरव
बालोद (दल्लीराजहरा) की काप्सा गुप्ता ने बिहार की खिलाड़ी को हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा बालोद की ही साधिके दुबे और हिमानी दरसेना ने 'वाये क्रू' एकल इवेंट के अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर छत्तीसगढ़ के गोल्ड मेडल की संख्या सात तक पहुंचा दी।
युवा खिलाड़ियों की सफलता से खेल जगत में उत्साह
छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से राज्य के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने यह साबित किया है कि राज्य के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी बेहतर प्रदर्शन की क्षमता रखते हैं।
खेल प्रतिभाओं को मिल रहा निरंतर प्रोत्साहन
विशेषज्ञों का मानना है कि राज्य में खेल सुविधाओं और प्रशिक्षण के बेहतर अवसरों का लाभ अब खिलाड़ियों के प्रदर्शन में दिखाई देने लगा है। नेशनल यूथ म्यू थाई चैंपियनशिप में मिली यह सफलता छत्तीसगढ़ में खेलों के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।