

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chief Minister's message to BJP workers: Work while staying connected to the grassroots and build a strong dialogue with the public.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भाजपा के सांसदों, विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अभी से जनता के बीच पहुंच बनानी होगी। कार्यकर्ताओं से उन्होंने आग्रह किया कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाएं तथा सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास करें।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को चार महत्वपूर्ण मंत्र दिए। उन्होंने कहा कि, सबसे पहले सभी को शांत और संयमित रहना चाहिए। राजनीतिक जीवन में उतार-चढाव आते रहते हैं, इसलिए हर परिस्थिति का धैर्य के साथ सामना करना जरूरी है। दूसरे मंत्र में उन्होंने कहा कि संगठन के प्रति अटूट श्रद्धा और विश्वास बनाए रखें। कार्यकर्ता हमेशा सक्रिय रहें और पार्टी के हित में पूरी ईमानदारी से काम करें। तीसरे मंत्र के रूप में मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच अपनी मजबूत पहचान बनाएं। केवल पद से नहीं, बल्कि व्यवहार, सेवा और जनसंपर्क से सम्मान अर्जित करें। उनका कहना था कि लोग व्यक्ति को उसके काम से याद रखते हैं।चौथे मंत्र में उन्होंने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को लगातार लोगों के संपर्क में रहना चाहिए।
सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की सही जानकारी लोगों तक पहुंचेगी तो सरकार के प्रति विश्वास और मजबूत होगा।
बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में सफलता के लिए संगठन को अभी से पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नियमित जनसंपर्क, बेहतर संवाद और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यही भविष्य की जीत की सबसे बडी कुंजी होगी।