

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Passion for modified silencers and stunts proves costly; action taken against 60 bikers in Mainpat.
सरगुजा। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर्स के जरिए हुड़दंग मचाने वाले बाइकर गैंग के खिलाफ कमलेश्वरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अभियान चलाकर 60 बाइकों को जब्त किया और उनके चालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने पहुंचाया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में नियम तोड़ने वाले बाइक चालकों में हड़कंप मच गया है।
पिछले कुछ समय से मैनपाट में बड़ी संख्या में बाइकर गैंग सक्रिय थे। ये युवक समूह बनाकर सड़कों पर खतरनाक तरीके से तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाते थे और मॉडिफाइड साइलेंसर्स से पटाखों जैसी तेज आवाज निकालकर पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशान कर रहे थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया।
कमलेश्वरपुर पुलिस ने बताया कि पर्यटन स्थलों और प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। संदिग्ध बाइक चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। बिना वैध दस्तावेज, नियमों का उल्लंघन करने और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ-साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और मॉडिफाइड साइलेंसर्स का उपयोग नहीं करने की अपील की है।