

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Congress protests against electricity bill hike.
दुर्ग। बिजली दरों में बढ़ोतरी और बढ़े हुए बिजली बिलों के विरोध में बुधवार को जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन, दुर्ग से रैली निकालकर बिजली कार्यालय और कलेक्ट्रेट का घेराव किया तथा मुख्यमंत्री का 2 पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन में जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, पूर्व विधायक Arun Vora, वरिष्ठ नेता आर.एन. वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने एक बार फिर 1 जुलाई से बिजली दरों में 30 पैसे से 50 पैसे प्रति यूनिट तक की वृद्धि की है। उनका कहना है कि भाजपा सरकार ने ढाई वर्षों में चार बार बिजली दरों में बढ़ोतरी की है, जिससे प्रति यूनिट बिजली की कीमत में 1.50 रुपये से 1.80 रुपये तक का इजाफा हुआ है।

राकेश ठाकुर ने कहा कि बढ़ी हुई दरों के कारण आम लोगों के बिजली बिल कई गुना बढ़ गए हैं। जिन उपभोक्ताओं का पहले 500 रुपये तक बिल आता था, अब उन्हें 6 हजार, 7 हजार और 10 हजार रुपये तक के बिल मिल रहे हैं, जिससे आम जनता बेहद परेशान है।
उन्होंने स्मार्ट मीटरों को भी बढ़े हुए बिजली बिलों की वजह बताते हुए कहा कि कांग्रेस स्मार्ट मीटरों का विरोध करती है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता प्रतीकात्मक रूप से स्मार्ट मीटर लेकर पहुंचे और उन्हें बिजली कार्यालय परिसर में फेंककर विरोध दर्ज कराया।


कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के साथ एक चिमनी भी प्रशासन को भेंट की। राकेश ठाकुर ने कहा कि यह चिमनी इस बात का प्रतीक है कि यदि बिजली लगातार महंगी होती रही तो लोगों को फिर से पुराने दौर की तरह चिमनी और लालटेन का सहारा लेना पड़ेगा। उन्होंने सरकार से बिजली दरों में वृद्धि वापस लेने और आम जनता को राहत देने की मांग की।