

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

pm modi donald trump meeting g7 summit france trump praises modi
एवियन-ले-बैंस (फ्रांस): फ्रांस के एवियन-ले-बैंस में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर सराहना की। विश्व नेताओं के साथ वर्किंग लंच के दौरान ट्रंप ने पीएम मोदी को "Calm, Cool and Total Killer" यानी शांत, संयमित और जबरदस्त नेता बताया। हल्के-फुल्के अंदाज में ट्रंप ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री मोदी की तरह शांत, संयमित और जबरदस्त नहीं हूं... जरा उन्हें देखिए।”
G7 समिट के दौरान दोनों नेताओं की 16 महीनों से अधिक समय बाद आमने-सामने मुलाकात हुई। ग्रुप फोटो सेशन और बैठक के दौरान पीएम मोदी और ट्रंप ने गर्मजोशी से हाथ मिलाकर एक-दूसरे का अभिवादन किया। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक भी प्रस्तावित है, जिसमें व्यापार, ऊर्जा सहयोग, H1-B वीजा, क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक भू-राजनीतिक घटनाक्रम जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है। दोनों देश आने वाले हफ्तों में एक अंतरिम ट्रेड डील को लेकर आशावादी नजर आ रहे हैं। हालांकि, हाल के महीनों में अमेरिकी प्रशासन द्वारा भारतीय आयात पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाए जाने से दोनों देशों के संबंधों में कुछ तनाव भी पैदा हुआ था।
बैठक का दूसरा महत्वपूर्ण मुद्दा खाड़ी क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और भारतीय नाविकों की सुरक्षा है। हाल ही में अमेरिकी हमले में एक जहाज पर सवार तीन भारतीय नाविकों की मौत के बाद भारत ने समुद्री सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया है। G7 के एक सत्र में ट्रंप के ठीक बगल में बैठे प्रधानमंत्री मोदी ने समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि वैश्विक व्यापार को जोड़ने वाले नाविकों की सुरक्षा सभी देशों की साझा जिम्मेदारी है और भारत इस दिशा में सभी साझेदार देशों के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार है।
भारत-अमेरिका संबंधों के लिहाज से पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की यह मुलाकात व्यापार, सुरक्षा और रणनीतिक साझेदारी के नए आयाम तय करने वाली महत्वपूर्ण बैठक मानी जा रही है।